नारायण सेवा संस्थान का दिव्यांग शल्य चिकित्सा जांच, चयन तथा 3डी प्रिंटेड नारायण मॉड्यूलर आर्टिफिशियल लिम्ब मेजरमेंट शिविर

 


मुंबई। दिव्यांगजनों के पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता के लिए समर्पित, राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त सामाजिक संस्था नारायण सेवा संस्थान एवं सौजन्यकर्ता श्री राधा कृष्णा चैरिटेबल फाउंडेशन (यूएसए) द्वारा मुंबई में एक विशाल निःशुल्क दिव्यांग शल्य चिकित्सा जांच, चयन तथा जापानी एवं जर्मन तकनीक से निर्मित 3डी प्रिंटेड नारायण मॉड्यूलर आर्टिफिशियल लिम्ब मेजरमेंट शिविर का आयोजन रविवार, 17 मई को किया जाएगा। यह शिविर निको हॉल, नायगांव क्रॉस रोड, वडाला उद्योग भवन के पास, दादर (पूर्व), मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित होगा। शिविर का उद्घाटन प्रातः 11 बजे किया जाएगा, जबकि पंजीकरण एवं जाँच प्रक्रिया सुबह 8 बजे से सायं 6 बजे तक चलेगी।

संस्थान के मुंबई शाखाध्यक्ष महेश अग्रवाल ने बताया कि ऐसे दिव्यांगजन जो किसी दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य कारणों से अपने हाथ या पैर खो चुके हैं, उन्हें पुनः सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। पद्मश्री से सम्मानित संस्थापक कैलाश ‘मानव’ की प्रेरणा से संस्थान विगत चार दशकों से मानवता की सेवा में निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि मुंबई एवं आसपास के क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को अधिक से अधिक लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से यह विशाल निःशुल्क दिव्यांगता निवारण ऑपरेशन चयन एवं नारायण लिम्ब माप शिविर आयोजित किया जा रहा है।

इस विशेष शिविर में संस्थान की अनुभवी एवं विशेषज्ञ ऑर्थोटिस्ट और प्रोस्थेटिस्ट चिकित्सकों की टीम द्वारा दिव्यांगजनों की जाँच कर उच्च गुणवत्ता युक्त, हल्के एवं टिकाऊ नारायण लिम्ब के लिए सटीक माप लिया जाएगा। जिन दिव्यांगजनों का माप लिया जाएगा, उन्हें लगभग दो माह पश्चात पुनः आयोजित शिविर में उनके माप अनुसार मॉड्यूलर कृत्रिम अंग निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। साथ ही, आवश्यकता अनुसार निःशुल्क ऑपरेशन हेतु भी चयन किया जाएगा, जिनकी सर्जरी संस्थान के उदयपुर स्थित अत्याधुनिक अस्पताल में की जाएगी।

शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन, चाय एवं अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मुंबई के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी।

संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि शिविर में आने वाले इच्छुक दिव्यांगजन अपने साथ आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं दिव्यांगता दर्शाते हुए दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लेकर आएँ। शिविर से संबंधित अधिक जानकारी हेतु संस्थान की हेल्पलाइन: 70235-09999, 78293-00000 पर संपर्क किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि नारायण सेवा संस्थान वर्ष 1985 से निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में कार्यरत है। संस्थान के संस्थापक कैलाश मानव को उनकी अद्वितीय सेवा भावना के लिए राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित किया गया है। वहीं संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल को वर्ष 2023 में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। 

अब तक संस्थान द्वारा देश-विदेश में 39,388 से अधिक दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान किए जा चुके हैं तथा 4.52 लाख से अधिक दिव्यांगजनों की निःशुल्क चिकित्सा की जा चुकी है।

0 Comments